हाथरस में एकतरफा प्यार में एक दिलदहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां सिरफिरे ने शुक्रवार की रात पड़ोस में रहने वाली युवती को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। शनिवार की शाम को युवती की उपचार के लिए आगरा ले जाते समय मौत हो गई। देर रात मुकदमा दर्ज होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शहर के नगला अलगर्जी निवासी बांके लाल पुत्र देवीराम ने कोतवाली हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा है कि शुक्रवार रात को उसकी बेटी कीर्ति अपने घर में सो रही थी।
पड़ोसी उमेश शर्मा पुत्र उदयवीर शर्मा रात करीब 12 बजे उनके घर आया और केरोसिन डालकर उसकी बेटी को जला दिया। कीर्ति की आवाज सुनकर पूरा परिवार जग गया। बेटी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर आये, लेकिन डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। शनिवार को आगरा ले जाते समय कीर्ति की मौत हो गई। इससे परिजन शव को वापस हाथरस ले आये। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार देर रात मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी उमेश को गिरफ्तार कर लिया। हाथरस गेट इंस्पेक्टर जितेन्द्र दीक्षित का कहना है कि युवती के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर में लिखा है कि आरोपी फोन करके कीर्ति को परेशान करता था। बाकी बिन्दुओं की विवेचना में जांच की जाएगी।