रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार रात 10.40मिनट पर रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाईअड्डा पहुंचे,जहां राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत अन्य ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में हजारों लोगों के साथ योग करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला एयरपोर्ट से निकल सीधे राजभवन के लिए रवाना हुआ। रास्ते में दोनों ओर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। कुछ कार्यकर्त्ताओं ने रास्ते भर में फूलों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। वहीं इस दौरान एयरपोर्ट से राजभवन तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी थी और बैरिकेटिंग कर जगह-जगह पर दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी।
प्रधानमंत्री के साथ कल अहले सुबह 21 जून 2019 को “योग दिवस“ के अवसर पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, मंत्रीगण और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों समेत करीब 40 हजार लोग योग सत्र में भाग लेंगे।
इससे पहले रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुलदस्ता देकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के अलावा मंत्री सीपी सिंह, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, रांची नगर निगम की महापौर आशा लकड़ा, विधायक रामकुमार पाहन और मुख्य सचिव डी.के. तिवारी समेत अन्य वरीय पुलिस प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।