भोपाल। झमाझम बारिश के इंतजार में बैठे किसानों के लिए खुश खबरी है कि एक दो दिन में प्रदेश के अनेक स्थानों पर जोरदार बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में मानसूनी हलचल फिर शुरू हो गई है। मौसम विज्ञानियों की माने तो खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत मिले हैं। यह सिस्टम 20 जुलाई को आगे बढ़ेगा। इसके साथ ही प्रदेश में कई स्थानों पर अच्छी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। इसके पूर्व गुरुवार से ही प्रदेश में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। बुधवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक खजुराहो में 26 मिमी.,नौगांव में 6 और सागर में 2 मिमी. बारिश हुई।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम के आगे बढ़ने और मानसून ट्रफ के मेल से प्रदेश में 20 जुलाई से पूर्वी क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। इसके बाद एक सप्ताह तक पूरे प्रदेश में अच्छी बरसात होने के आसार हैं। मानसून ब्रेक होने से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एसके डे ने बताया कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत मिले हैं। यह सिस्टम 20 जुलाई से सक्रिय होकर आगे बढ़ेगा। उधर, मानसून द्रोणिका लाइन (ट्रफ) 10 दिन पहले हिमालय की तराई की तरफ खिसक गई थी। इससे प्रदेश में मानसून ब्रेक की स्थिति बन गई थी। लेकिन अब मानसून ट्रफ भी अपनी पूर्व स्थिति में लौटने की स्थिति में है।